इस्लामाबाद। शुक्रवार को खैबर पख्तूनख्वा के कोहाट ज़िले के पुलिस लाइंस इलाके में एक मस्जिद के पास हुए धमाके में 5 पुलिस कर्मी समेत 16 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। साथ ही मामले की जानकारी देते हुए ये भी बताया कि पुलिस के साथ गोलीबारी में अब तक तीन आतंकवादी मारे गए हैं। डिस्ट्रिक्ट हेडक्वार्टर (DHQ) अस्पताल के MS ताहिर अली शाह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि धमाके में 5 पुलिस कर्मियों समेत 16 लोगों की मौत हो गई है।
अधिकारियों ने कहा कि धमाके वाली जगह पर बचाव कार्य चलाया जा रहा था, इसी बीच घटना के बाद अधिकारियों ने कोहाट-हंगू रोड को सभी तरह के ट्रैफिक के लिए बंद कर दिया है। कोहाट में DHQ प्रशासन ने इमरजेंसी लागू कर दी है क्योंकि घायलों को इलाज के लिए लाया जा रहा है।
आतंकवाद के खिलाफ मजबूती से खड़ी पुलिस
IGP हमीद ने कहा, ‘KP पुलिस आतंकवाद के ख़िलाफ़ एक मज़बूत दीवार की तरह खड़ी है, कायरतापूर्ण हमले हमारे हौसले को नहीं तोड़ सकते।’ उन्होंने आगे अपने बयान में कहा, ‘शहीदों का खून बेकार नहीं जाएगा, आतंकवादियों और उनके मददगारों का अंजाम बहुत बुरा और मिसाल बनने वाला होगा।’ उन्होंने घायलों को बेहतरीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
विस्फोटकों से लदी गाड़ी पुलिस लाइंस के गेट से टकराई
खैबर पख्तूनख्वा के इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस जुल्फिकार हमीद ने बताया कि विस्फोटकों से लदा एक वाहन पुराने पुलिस लाइंस के गेट से टकराया और इसके बाद उसमें जोरदार धमाका हो गया। उन्होंने बताया कि वाहन के गेट से टकराने के बाद विस्फोट हुआ और गोलीबारी भी शुरू हो गई। आईजीपी के मुताबिक, यह आत्मघाती हमला था। गोलीबारी के दौरान स्पेशल ब्रांच की इमारत में भी एक अन्य आत्मघाती विस्फोट हुआ। खैबर पख्तूनख्वा पुलिस आतंकवाद के खिलाफ लोहे की दीवार की तरह खड़ी है और ऐसे हमले पुलिसकर्मियों का मनोबल नहीं तोड़ सकते। उन्होंने कहा कि शहीदों का खून व्यर्थ नहीं जाएगा और आतंकवादियों व उनके मददगारों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
