बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने शराब कारोबार से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार सुबह ईओडब्ल्यू की टीम ने शराब ठेकेदार अहिंदर सिंह बलिहार के कान्हा विहार स्थित आवास पर पहुंचकर घंटों जांच की।
जानकारी के अनुसार, जांच टीम ने शराब कारोबार से जुड़े रिकॉर्ड, वित्तीय लेन-देन के दस्तावेज, वाहनों से संबंधित कागजात और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की पड़ताल की। कार्रवाई के दौरान कई दस्तावेज जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है, जिनकी अब विस्तृत जांच की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक ईओडब्ल्यू की टीम अधिकारी चंद्रशेखर बारीक के नेतृत्व में मौके पर पहुंची थी। टीम ने घर में मौजूद दस्तावेजों और कारोबारी रिकॉर्ड का मिलान किया। इस दौरान परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी बनाए रखी गई।
बताया जा रहा है कि, अधिकारियों ने शराब परिवहन, कारोबार से जुड़े वित्तीय लेन-देन और अन्य गतिविधियों से संबंधित जानकारी जुटाई है। हालांकि ईओडब्ल्यू की ओर से अभी तक छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। प्रदेश में चल रही शराब घोटाले की जांच के बीच इस कार्रवाई को अहम माना जा रहा है। जांच एजेंसी अब जब्त दस्तावेजों की जांच कर यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि, कहीं किसी तरह की वित्तीय अनियमितता या नियमों का उल्लंघन तो नहीं हुआ। मीडिया से बातचीत के दौरान अधिकारियों ने कोई जानकारी साझा नहीं की। अब दस्तावेजों की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


