झारखंड के जंगलों में नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़, सर्च ऑपरेशन जारी

Follow Us

चाईबासा। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ की खबर है। कोबरा 209 बटालियन के जवान रूटुगुटू के घने जंगलों में गश्त पर थे, तभी माओवादियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए मोर्चा संभाला। सूचना के अनुसार, बीते दो दिनों से सुरक्षा बल गोइलकेरा थाना क्षेत्र के बोरोई और तूनबेड़ा इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। मुठभेड़ के बाद प्रभावित क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई और अतिरिक्त जवान अलर्ट मोड में तैनात किए गए। पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेनू ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि जंगलों में व्यापक तलाशी अभियान जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। हाल ही में गोइलकेरा क्षेत्र में एक पूर्व माओवादी की हत्या के बाद से नक्सली गतिविधियों में वृद्धि की आशंका जताई जा रही थी। सूत्रों के अनुसार, माओवादी नेता मिसिर बेसरा का दस्ता इलाके में अपनी मौजूदगी मजबूत करने की कोशिश में है। मुठभेड़ के बाद पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और कोल्हान के संवेदनशील वन क्षेत्रों में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। पुलिस और अर्धसैनिक बल दुर्गम जंगलों में सर्च ऑपरेशन जारी रखे हुए हैं।