छत्तीसगढ़ बोर्ड रिजल्ट 2026: नतीजों से पहले शिक्षा मंत्री का संदेश, मेधावी छात्रों को मिलेगा प्रोत्साहन, असफलता से न घबराएं

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ बोर्ड 10वीं और 12वीं परीक्षा परिणाम जारी होने से पहले स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए बड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि परीक्षा परिणाम जीवन का अंतिम पड़ाव नहीं है और जिन छात्रों के अंक उम्मीद के मुताबिक नहीं आएं, उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है। आज दोपहर 2:30 बजे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय माध्यमिक शिक्षा मंडल के परीक्षा परिणाम जारी करेंगे। इस बार 10वीं में 3,20,535 और 12वीं में 2,45,785 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी है। परिणाम को लेकर छात्रों और अभिभावकों में उत्सुकता बनी हुई है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि मेहनत का फल जरूर मिलता है और यदि किसी छात्र का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहता, तो उसे हताश होने के बजाय आगे के अवसरों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने छात्रों से आत्मविश्वास बनाए रखने की अपील की। मंत्री ने यह भी बताया कि, 10वीं और 12वीं में टॉप करने वाले विद्यार्थियों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना के तहत डेढ़ लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

आंकड़ों के अनुसार हाईस्कूल परीक्षा 21 फरवरी से 13 मार्च तक 2,510 केंद्रों पर आयोजित हुई, जबकि हायर सेकेंडरी परीक्षा 20 फरवरी से 18 मार्च तक 2,395 केंद्रों में संपन्न हुई। पेपर लीक के आरोपों पर भी मंत्री ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई और विरोध बेबुनियाद है। फिलहाल प्रदेशभर के लाखों छात्रों की नजर अब रिजल्ट पर टिकी हुई है।