छोटे उपभोक्ताओं पर बिजली गिरानी आसान, बड़ों पर मेहरबान: 50 सरकारी विभागों पर रु.26 करोड़ का बिजली बिल बकाया

Follow Us

राजनांदगांव। आम जनता का दो महीने का बिजली बिल बकाया होने पर तुरंत कनेक्शन काटने पहुंचने वाली बिजली कंपनी बड़े बकायेदारों पर पूरी तरह मेहरबान नजर आ रही है। अकेले राजनांदगांव जिले के करीब 50 सरकारी विभागों पर बिजली कंपनी का रु.26 करोड़ का भारी-भरकम बिल बकाया है। हैरान करने वाली बात यह है कि पिछले साल यह आंकड़ा रु.21 करोड़ था, जो भुगतान न होने के कारण इस साल बढ़कर रु.26 करोड़ तक पहुंच गया है। विभाग को लगातार नोटिस तो भेजे जा रहे हैं, लेकिन कोई भी गंभीर नजर नहीं आ रहा है।

बकायेदारों की इस सूची में सबसे ऊपर राजनांदगांव नगर निगम है, जिस पर रु.13 करोड़ 11 लाख का बिल बकाया है। इसके बाद ग्रामीण विभाग पर रु.6 करोड़ 55 लाख, पुलिस विभाग पर रु.27 लाख 76 हजार और आदिम जाति कल्याण विभाग पर रु.19 लाख 33 हजार की राशि बकाया है। एक तरफ जहां आम जनता पर सख्ती बरती जाती है, वहीं दूसरी तरफ नगर निगम की बड़ी लापरवाही भी सामने आ रही है। शहर की स्ट्रीट लाइटें रात के साथ-साथ दिनभर जलती रहती हैं, जिससे बिजली की बर्बादी और खपत दोनों लगातार बढ़ रही है। फिलहाल अधिकारी केवल नोटिस देने की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं।