न्यूयॉर्क। ग्लोबल पॉप स्टार दुआ लीपा एक बार फिर अपने शानदार फैशन सेंस को लेकर चर्चा में हैं। शादी के बाद पहली बार रेड कार्पेट पर नजर आईं दुआ ने अपने एलिगेंट और ग्लैमरस लुक से फैशन इंडस्ट्री में सुर्खियां बटोर ली हैं। कैलम टर्नर की फिल्म ‘वन नाइट ओनली’ के न्यूयॉर्क प्रीमियर में दुआ और कैलम ने पति-पत्नी के तौर पर पहली बार रेड कार्पेट पर साथ एंट्री की। इस खास मौके पर दुआ लीपा ने ऑल-ब्लैक फेरागामो गाउन पहनकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। गाउन की डीप हॉल्टर नेकलाइन, फिटेड सिल्हूट और फ्लोर-लेंथ डिजाइन ने उनके लुक को बेहद रॉयल और स्टाइलिश बनाया। आउटफिट में मौजूद शीयर डिटेलिंग और कमर के पास लगी फ्रिंज डिटेलिंग ने उनके लुक में मॉडर्न ग्लैमर का टच जोड़ा।
दुआ ने अपने लुक को मिनिमल लेकिन लग्जरी अंदाज में स्टाइल किया। उन्होंने स्पार्कलिंग डायमंड स्टड्स, स्टेटमेंट रिंग्स और गोल्ड-डायमंड ब्रेसलेट के साथ एक्सेसरीज को बैलेंस रखा। उनका ड्यूई मेकअप, ब्रॉन्ज टोन स्किन, विंग्ड आईलाइनर और न्यूड लिप्स ने उनके ब्यूटी लुक को और निखार दिया। स्लीक बन हेयरस्टाइल ने उनके गाउन की खूबसूरत नेकलाइन को हाईलाइट किया। वहीं कैलम टर्नर ने भी अपने क्लासिक और मॉडर्न फैशन सेंस से लोगों का ध्यान खींचा। उन्होंने नेवी ब्लू डबल-ब्रेस्टेड सूट पहना था, जिसमें शार्प टेलरिंग, स्ट्रक्चर्ड शोल्डर और गोल्ड-टोन बटन शामिल थे। बटर-येलो ड्रेस शर्ट और ब्राउन स्ट्राइप्ड टाई ने उनके लुक को विंटेज चार्म दिया।
रेड कार्पेट पर दोनों की जोड़ी ने फैशन और स्टाइल का परफेक्ट बैलेंस दिखाया। दुआ और कैलम के मैचिंग एलिगेंट लुक ने साबित कर दिया कि कपल फैशन में सादगी और क्लास का अलग ही असर होता है। यह अपीयरेंस उनकी सिसिली वेडिंग के करीब दो महीने बाद सामने आया है। दुआ और कैलम ने इटली के ऐतिहासिक विला वाल्गुआर्नेरा में शादी की थी। शादी के दौरान दुआ ने चैनल हाउट कॉउचर ब्राइडल गाउन पहना था, जिसे तैयार करने में करीब 1,155 घंटे की कारीगरी लगी थी। रिसेप्शन के लिए उन्होंने बोटेगा वेनेटा का ग्लैमरस गाउन चुना था। शादी से पहले दोनों ने लंदन के ओल्ड मैरीलेबोन टाउन हॉल में निजी सिविल सेरेमनी भी की थी। अब अपने काम पर लौट चुके इस कपल की पहली रेड कार्पेट मौजूदगी ने एक बार फिर फैशन और एंटरटेनमेंट जगत में हलचल मचा दी है।
