मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत ने एक बार फिर महिलाओं से जुड़े सामाजिक मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखी है। कंगना ने कहा कि आज भी समाज में कई सफल महिलाओं की उपलब्धियों को उनकी मेहनत और प्रतिभा के बजाय गलत नजरिए से देखा जाता है, जिसे बदलने की जरूरत है। मीडिया से बातचीत के दौरान कंगना रनौत ने कहा कि चाहे कोई महिला राजनीति में हो, किसी बड़ी कंपनी में उच्च पद पर कार्यरत हो या किसी पेशेवर क्षेत्र में सफलता हासिल कर रही हो, अक्सर उसकी उपलब्धियों को उसके परिश्रम की बजाय उसके चरित्र से जोड़कर देखा जाता है। कंगना ने कहा कि कई बार जब कोई महिला अपने टैलेंट और कड़ी मेहनत के दम पर ऊंचे मुकाम तक पहुंचती है, तब भी कुछ लोग उसकी सफलता पर सवाल उठाते हैं और उसकी उपलब्धियों को गलत तरीके से आंकने की कोशिश करते हैं। उन्होंने इस मानसिकता को महिलाओं के प्रति अन्यायपूर्ण बताया।
अभिनेत्री का कहना है कि आधुनिक दौर में भी दुनिया के कई हिस्सों में महिलाओं को संदेह की नजर से देखा जाता है। समाज को महिलाओं की मेहनत, क्षमता और उपलब्धियों का सम्मान करना चाहिए, न कि उनकी सफलता को लेकर नकारात्मक धारणाएं बनानी चाहिए। कंगना ने यह भी कहा कि महिलाओं के पहनावे, व्यक्तित्व और आत्मविश्वास को लेकर भी कई तरह की धारणाएं बनाई जाती हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि महिलाओं को अपनी पसंद और पहचान के साथ जीने का अधिकार है और समाज को इस दिशा में अपनी सोच बदलने की आवश्यकता है। वर्क फ्रंट की बात करें तो कंगना रनौत इन दिनों अपनी फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और यह सिनेमाघरों में अच्छा प्रदर्शन कर रही है।
