गरियाबंद। जिले में गुरुवार सुबह हुए सड़क हादसे में जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप बाल-बाल बच गए। दुर्घटना में उनकी इनोवा कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि उन्हें गंभीर चोट लगने की सूचना नहीं है। जानकारी के अनुसार, गौरीशंकर कश्यप अपने निजी निवास से इनोवा कार से रायपुर जा रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-130सी पर राजापड़ाव से पहले एक मोड़ के पास सामने से आ रहे मालवाहक पिकअप वाहन ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इनोवा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। गनीमत रही कि कार में सवार गौरीशंकर कश्यप सुरक्षित रहे। घटना के बाद दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है और संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा रही है।
