कोरबा। जिले के पोंडी उपरोड़ा जनपद पंचायत में मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) के अचानक तबादले को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। कलेक्टर के आदेश के बाद CEO जय प्रकाश डड़सेना को जिला पंचायत कोरबा में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि उनकी जगह भूपेंद्र कुमार सोनवानी को जनपद पंचायत पोंडी उपरोड़ा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इस फैसले के बाद जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि, सुशासन तिहार के बीच एक अनुभवी और क्षेत्र की समस्याओं से परिचित अधिकारी को हटाना विकास कार्यों को प्रभावित करने की कोशिश है। विरोध में सभी जनपद सदस्यों ने ‘सुशासन तिहार’ के कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया।

जनप्रतिनिधियों का कहना है कि, जय प्रकाश डड़सेना के कार्यकाल में पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों में तेजी आई थी और भ्रष्टाचार पर नियंत्रण देखने को मिला। उनका दावा है कि, अधिकारी को क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और ग्रामीण समस्याओं की बेहतर समझ थी, जिससे आम लोगों को राहत मिल रही थी। वहीं जनपद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने चेतावनी दी है कि, यदि आदेश वापस नहीं लिया गया तो जनपद पंचायत कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी और उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि, पहले वे अपनी मांग शासन और प्रशासन के सामने शांतिपूर्ण तरीके से रखेंगे, लेकिन समाधान नहीं होने पर अनिश्चितकालीन धरना भी दिया जाएगा।
