बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर 2’ का महातूफान: 2 महीने बाद भी जारी है कमाई, 1800 करोड़ के क्लब से बस एक कदम दूर

Follow Us

मुंबई। आदित्य धर के निर्देशन में बनी और रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर एक ऐसा जलजला बन चुकी है, जो थमने का नाम नहीं ले रही है। आज के दौर में जहाँ बड़ी-बड़ी फिल्में सिनेमाघरों में एक या दो हफ्ते भी नहीं टिक पातीं, वहीं इस फिल्म ने साबित कर दिया है कि अगर कंटेंट में दम हो तो इतिहास रचा जा सकता है। रिलीज के दो महीने (62 दिन) बीत जाने के बाद भी यह फिल्म अपने नौवें हफ्ते में थिएटर्स में मजबूती से डटी हुई है और नई फिल्मों को कड़ी टक्कर दे रही है। हालांकि अब इसके कलेक्शन की रफ्तार थोड़ी धीमी जरूर हुई है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि नौवें मंगलवार यानी 62वें दिन इसकी कमाई में फिर से उछाल देखा गया, जहाँ फिल्म ने 22 लाख रुपये का बिजनेस किया।

सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, इस शानदार कमाई के साथ ‘धुरंधर 2’ का भारत में कुल नेट कलेक्शन 1146.35 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 1371.95 करोड़ रुपये हो चुका है। वहीं, विदेशों (ओवरसीज) में भी फिल्म ने अपना परचम लहराते हुए 426.67 करोड़ रुपये बटोर लिए हैं। इस तरह वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की कुल कमाई अब 1798.62 करोड़ रुपये के जादुई आंकड़े पर पहुँच गई है। अब यह ब्लॉकबस्टर फिल्म दुनियाभर में 1800 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक आंकड़ा छूने से महज 1.38 करोड़ रुपये दूर है। अगर आने वाले वीकेंड पर दर्शकों का ऐसा ही क्रेज बना रहा, तो ‘धुरंधर 2’ बहुत जल्द इस मील के पत्थर को पार कर वर्ल्डवाइड एक नया रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लेगी।