मुंबई। टीवी अभिनेता धीरज धूपर और उनकी पत्नी विन्नी अरोड़ा के घर एक बार फिर खुशियां आने वाली हैं। शादी के करीब 10 साल बाद यह जोड़ा दूसरी बार माता-पिता बनने जा रहा है। 21 नवंबर को विन्नी ने सोशल मीडिया पर एक खास वीडियो साझा कर अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी की खुशखबरी प्रशंसकों के साथ साझा की। इससे पहले शादी की दसवीं सालगिरह पर दोनों की तस्वीरें सामने आने के बाद से ही विन्नी की प्रेग्नेंसी को लेकर चर्चाएं हो रही थीं।
विन्नी अरोड़ा ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए वीडियो में हरे रंग की बॉडीकॉन ड्रेस पहनकर अपना बेबी बंप दिखाया। इसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, “एक छोटा सा चमत्कार, एक बार फिर।” इस खबर के सामने आते ही प्रशंसकों और टीवी जगत के कलाकारों ने कपल को बधाइयां देना शुरू कर दिया। धीरज और विन्नी पहले से ही बेटे जैन के माता-पिता हैं। जैन का जन्म 10 अगस्त 2022 को हुआ था।
टीवी इंडस्ट्री से जुड़े कई सितारों ने कमेंट के जरिए अपनी खुशी जाहिर की। अभिनेत्री फलक नाज ने मजाकिया अंदाज में इस बार बेटी होने की भविष्यवाणी की। वहीं, वहबिज दोराबजी ने हैरानी जताते हुए लिखा कि पार्टी के दौरान उन्हें इस खुशखबरी का अंदाजा तक नहीं हुआ। सीरत कपूर और जयंती भाटिया सहित कई अन्य कलाकारों ने भी दोनों को शुभकामनाएं दीं।
धीरज और विन्नी की प्रेम कहानी साल 2009 में टीवी शो ‘मात पिता के चरणों में स्वर्ग’ के सेट पर शुरू हुई थी। साथ काम करते हुए दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई। करीब सात साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद उन्होंने 16 नवंबर 2016 को दिल्ली में शादी की थी। काम की बात करें तो धीरज धूपर पिछली बार नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो ‘लॉक अप’ के दूसरे सीजन में नजर आए थे। इस शो को फराह खान और रितेश देशमुख ने होस्ट किया था। फिलहाल अभिनेता के आगामी प्रोजेक्ट को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
