नई दिल्ली। दिल्ली में वीजा नियमों का उल्लंघन कर निर्धारित समय से अधिक समय तक भारत में रहने वाले तीन बांग्लादेशी नागरिकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तीनों 15 दिनों के डबल-एंट्री वीजा पर भारत आए थे, लेकिन वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी वापस नहीं लौटे। पुलिस ने विशेष सत्यापन अभियान के दौरान उन्हें पहाड़गंज इलाके के एक होटल से पकड़ा। मामले में विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) ने तीनों के खिलाफ प्रतिबंध आदेश जारी किया है। पुलिस के अनुसार, तीनों बांग्लादेशी नागरिक 6 अक्टूबर को भारत पहुंचे थे। उन्हें 15 दिनों तक देश में रहने की अनुमति दी गई थी, लेकिन निर्धारित अवधि पूरी होने के बावजूद वे यहीं रुके रहे। पुलिस की जांच में सामने आया कि वे वीजा नियमों का उल्लंघन कर रहे थे। इसके बाद दिल्ली पुलिस के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की फॉरेनर सेल और स्पेशल स्टाफ की टीम ने कार्रवाई की।
तीनों की पहचान सला उद्दीन (53), शौकत अली (40) और कमरुल हसन (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने उन्हें पहाड़गंज के शोरा कोठी स्थित होटल सुदर्शन पैलेस में जांच के दौरान पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद तीनों की मेडिकल जांच कराई गई और उन्हें विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) के सामने पेश किया गया। कार्यालय ने मामले की जांच के बाद उनके खिलाफ प्रतिबंध आदेश जारी कर दिया। फिलहाल तीनों बांग्लादेशी नागरिकों को दिल्ली के सेवा धाम डिटेंशन सेंटर में रखा गया है। पुलिस के मुताबिक, डिपोर्टेशन यानी देश से वापस भेजे जाने की प्रक्रिया पूरी होने तक वे डिटेंशन सेंटर में ही रहेंगे। इस कार्रवाई के जरिए पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वीजा नियमों का उल्लंघन कर निर्धारित अवधि से अधिक समय तक भारत में रहने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
