महासमुंद। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक पुलिस आरक्षक का शव जंगल में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 29 वर्षीय मिथिलेश कुमार लेढिया के रूप में हुई है, जो पुलिस कंट्रोल रूम में आरक्षक के पद पर तैनात था।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह ग्रामीणों ने मुड़मार बांधा के जंगल में एक युवक का शव पेड़ से लटका देखा। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
