मेहरानगढ़ में उमड़े श्रद्धालु , जोधपुर में नवरात्रि का आगाज

Follow Us

जोधपुर । शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन ऐतिहासिक मेहरानगढ़ दुर्ग स्थित मां चामुंडा माता मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही माता के दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे भक्तों में दर्शन को लेकर खासा उत्साह नजर आया। मां चामुंडा के जयकारों से पूरा दुर्ग भक्तिमय माहौल में नजर आया। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था की गई। मुख्य प्रवेश मार्ग से मंदिर परिसर तक निगरानी रखी गई और सीसीटीवी कैमरों के जरिए भीड़ पर नजर रखी गई। नवरात्रि के पहले दिन मेहरानगढ़ में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।

शारदीय नवरात्रि के एक दिन पहले पुलिस कमिश्नर अंशुमन भोमिया ने मेहरानगढ़ पहुंच कर श्रद्धालुओं के लिए की गई सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरा सहयोग करेगी। इस दौरान उनके साथ डीसीपी पूर्व मनीष चौधरी, डीसीपी ट्रैफिक शाहीन सी, एडीसीपी शालिनी राज, एडीसीपी नरेन्द्र सिंह देवड़ा, एडीसीपी रविन्द्र बोथरा, एसीपी संदीप सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

मेहरानगढ़ फोर्ट मे स्थित चामुंडा के दरबार में श्रद्धालुओं के लिए सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक दर्शन की व्यवस्था की गई है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जिग-जेग बैरिकेडिंग के साथ ही पानी और छाया की माकुल व्यवस्था की गई है।