गोवर्धन परिक्रमा कर रही महिला ने नहीं दी भीख, तो सिरफिरे ने काट दी नाक; मथुरा में सनसनीखेज वारदात से हड़कंप

Follow Us

मथुरा । धर्मनगरी मथुरा के गोवर्धन में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। गोवर्धन पर्वत की पवित्र परिक्रमा कर रही मुंबई की एक 30 वर्षीय महिला पर अज्ञात शख्स ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने पहले महिला से भीख मांगी थी, लेकिन महिला द्वारा अनदेखा किए जाने पर उसने अचानक हमला बोलकर महिला की नाक काट दी। इस खौफनाक हमले के बाद परिक्रमा मार्ग में भारी अफरा-तफरी मच गई।

मूल रूप से मुंबई की रहने वाली हैं मोनिका, 6 महीने से गोवर्धन में थीं
पुलिस के अनुसार, यह सनसनीखेज घटना गोवर्धन पहाड़ी की तलहटी में हुई। घायल पीड़िता की पहचान 30 वर्षीय मोनिका के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मुंबई की रहने वाली हैं। वह पिछले करीब छह महीने से गोवर्धन में ही रहकर भक्ति-साधना कर रही थीं और रोजाना नियमित रूप से गिरिराज जी की परिक्रमा करती थीं।

ब्रेकिंग: एक जैसे उत्तरों ने खोली परीक्षा की पोल, 42 जीएसटी निरीक्षकों की नियुक्ति रद्द

भीख देने से मना किया तो टूट पड़ा हमलावर, नाक पर गहरा घाव
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मोनिका रोज की तरह परिक्रमा मार्ग से गुजर रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उनके करीब पहुंचा और पैसे व भीख मांगने लगा। महिला ने उसकी बात पर ध्यान नहीं दिया और अपनी परिक्रमा जारी रखी। बात नजरअंदाज किए जाने से बौखलाए आरोपी ने अचानक उन पर झपट्टा मारा और बर्बरतापूर्वक उनकी नाक काट दी। लहूलुहान हालत में महिला वहीं गिर पड़ी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल महिला को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि महिला की नाक पर गंभीर घाव है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

हमलावर के मानसिक अस्वस्थ होने का शक, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद हमलावर भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि आरोपी की हरकत देखकर उसके मानसिक रूप से विक्षिप्त होने की आशंका है। पुलिस की कई टीमें गठित कर घटनास्थल और परिक्रमा मार्ग के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावर की पहचान कर उसे जल्द से जल्द दबोचा जा सके।