श्रमिक दिवस पर डिप्टी CM साव का बड़ा बयान: श्रमिकों को सलाम, कांग्रेस के ‘बोरे बासी’ अभियान पर कसा तंज

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने श्रमिक दिवस के अवसर पर श्रमिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, देश के निर्माण में श्रमिकों की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि, सरकार श्रमिकों के लिए सुरक्षित कार्य वातावरण और बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रही है। श्रम कानूनों में किए गए सुधारों का उद्देश्य भी श्रमिकों के हितों की रक्षा करना है।

सुशासन तिहार को लेकर बयान देते हुए उन्होंने कहा कि, यह कार्यक्रम 10 जून तक चलेगा, जिसमें मुख्यमंत्री सहित वरिष्ठ अधिकारी जनता से सीधे संवाद करेंगे और सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत की समीक्षा करेंगे। उन्होंने दावा किया कि, सरकार गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रही है। वहीं कांग्रेस के ‘बोरे बासी दिवस’ अभियान पर निशाना साधते हुए अरुण साव ने इसे दिखावे की राजनीति बताया।

उन्होंने कहा कि, छत्तीसगढ़ में बोरे बासी कोई एक दिन का आयोजन नहीं बल्कि आम जीवन का हिस्सा है। कांग्रेस इस पर राजनीति कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस की हालिया बैठक और सचिन पायलट के दौरे को लेकर भी उन्होंने हमला बोलते हुए कहा कि, पार्टी जनता से दूर हो चुकी है और उसके अभियानों का कोई प्रभाव नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस का जनहित से कोई संबंध नहीं बचा है और उसके कार्यकर्ताओं में भी निराशा है।