बाढ़ प्रभावित 13 पंचायतों के किसानों को ₹50 हजार प्रति एकड़ मुआवजा देने की मांग, कांग्रेस ने NMDC को सौंपा ज्ञापन

Follow Us

जगदलपुर। नगरनार क्षेत्र में भारी बारिश और बाढ़ से प्रभावित 13 ग्राम पंचायतों के किसानों को राहत दिलाने के लिए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने NMDC प्रबंधन से हस्तक्षेप की मांग की है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संतोष सेठिया के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपकर प्रभावित किसानों को प्रति एकड़ ₹50 हजार की आर्थिक सहायता, फसल नुकसान का उचित मुआवजा और क्षतिग्रस्त कृषि भूमि की मरम्मत कराने की मांग रखी। कांग्रेस के अनुसार, बाढ़ से फसलें बर्बाद होने और खेतों को नुकसान पहुंचने के कारण किसानों के सामने आर्थिक संकट पैदा हो गया है। इससे उनकी आजीविका प्रभावित हुई है और अगली फसल की तैयारी करना भी मुश्किल हो रहा है।

ज्ञापन में प्रभावित क्षेत्रों में फसल और कृषि भूमि के नुकसान का निष्पक्ष सर्वे कराने तथा खेतों में हुए कटाव और मिट्टी के बहाव की मरम्मत कराने पर जोर दिया गया। कांग्रेस ने किसानों को अगली फसल के लिए बीज, खाद और अन्य जरूरी कृषि सामग्री उपलब्ध कराने की मांग भी की। इसके अलावा NMDC की कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) मद से प्रभावित ग्रामीण परिवारों के लिए विशेष राहत पैकेज घोषित करने की अपील की गई।

बाढ़ से बचाव के स्थायी उपाय करने की मांग

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने भविष्य में बाढ़ से होने वाले नुकसान को रोकने के लिए नालों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था में सुधार और पानी के प्राकृतिक प्रवाह को सुचारु बनाने जैसे उपाय करने की मांग की। साथ ही 13 ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों और किसान प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर समस्याओं की समीक्षा करने तथा समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने की अपील की।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संतोष सेठिया ने कहा कि प्रभावित किसानों और ग्रामीण परिवारों को केवल आश्वासन देने के बजाय समय पर आर्थिक सहायता और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि खेती पर निर्भर परिवारों को हुए नुकसान की भरपाई के साथ भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए भी ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला उपाध्यक्ष लेखन बघेल, अमित पांडे, दयाराम कश्यप, बलराम कोकोडू, विजय बिसाई, इंदु बघेल, संजय नाग, मुकुंद नेताम सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।