सरेंडर नक्सली परिवार की बेटी का पुलिस में भर्ती होने का सपना होगा साकार, कोड़ेकुर्सी पुलिस ने की मदद*

Follow Us

कभी नक्सली रहे परिवार के घर की बेटी बनेगी बस्तर फाइटर, पुलिस ने बढ़ाया हौसला
नक्सल प्रभावित गांव की युवती के सपनों को मिलेगी नई उड़ान, पुलिस ने भर्ती की जानकारी देकर सौंपा आवेदन फॉर्म
नक्सल प्रभावित गांवों में पुलिस की पहल, युवाओं को बांटे बस्तर फाइटर भर्ती के 90 से अधिक फॉर्म*

दुर्गूकोदल। कभी नक्सलवाद की चपेट में रहे परिवार में अब बदलाव की नई उम्मीद जगी है। ग्राम कोवाचीटोला निवासी एक सरेंडर नक्सली परिवार की बेटी ने पुलिस विभाग में भर्ती होकर बस्तर फाइटर बनने का सपना देखा है। इस सपने को साकार करने की दिशा में कोड़ेकुर्सी पुलिस ने पहल करते हुए युवती को बस्तर फाइटर भर्ती की जानकारी दी और आवेदन फॉर्म भरने की प्रक्रिया समझाकर उसे फॉर्म उपलब्ध कराया। पुलिस की इस पहल से क्षेत्र में सकारात्मक संदेश पहुंचा है।

पुलिस अधीक्षक कांकेर एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस भानुप्रतापपुर के निर्देशन में थाना प्रभारी कोड़ेकुर्सी प्रशिक्षु उपनिरीक्षक विवेक वर्मा के मार्गदर्शन में नक्सल प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को बस्तर फाइटर भर्ती के प्रति जागरूक किया जा रहा है। पुलिस द्वारा युवाओं को भर्ती प्रक्रिया, आवेदन की जानकारी और फॉर्म भरने के तरीके समझाए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवक-युवतियां भी पुलिस विभाग में सेवा देने का अवसर प्राप्त कर सकें।

इसी अभियान के तहत ग्राम कोवाचीटोला निवासी सरेंडर नक्सली परिवार की बेटी को भर्ती संबंधी जानकारी देकर आवेदन फॉर्म भरना सिखाया गया तथा उसे फॉर्म प्रदान किया गया। यह पहल इस बात का संदेश है कि हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा से जुड़ने वाले परिवारों के बच्चों के लिए भी रोजगार और बेहतर भविष्य के अवसर उपलब्ध हैं।

पुलिस द्वारा ग्राम गरदा, कोवाचीटोला, ऊइकाटोला, ओटेकसा, गोडपाल, कराकी, कोण्डरूज, करकापाल, नेलचांग, कोड़ेकुर्से और सुरुंगदोह सहित आसपास के नक्सल प्रभावित गांवों में भी युवाओं को भर्ती के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान करीब 90 से अधिक बस्तर फाइटर भर्ती आवेदन फॉर्म वितरित किए गए।
थाना प्रभारी विवेक वर्मा ने कहा कि बस्तर फाइटर भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष एवं पारदर्शी है। भर्ती के नाम पर किसी भी प्रकार के पैसों के लेन-देन की बात पूरी तरह गलत है। युवाओं को ऐसी अफवाहों से बचना चाहिए और किसी भी व्यक्ति के बहकावे में नहीं आना चाहिए।

रायपुर में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त, 3 महिलाएं गिरफ्तार:

उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति भर्ती के नाम पर पैसे की मांग करता है या गलत अफवाह फैलाता है, तो इसकी सूचना अनुविभागीय अधिकारी पुलिस भानुप्रतापपुर अथवा पुलिस अधीक्षक कांकेर को सीधे मोबाइल नंबर *94791-55125* पर दी जा सकती है। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ना, उनमें विश्वास जगाना और उन्हें समाज की मुख्यधारा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।