राजस्थान में दिखेगा चक्रवात अकवान का हल्का असर : कोटा संभाग में छाएंगे बादल, उत्तरी हवाओं से बढ़ेगी ठिठुरन

Follow Us

जयपुर । बंगाल की खाड़ी में सक्रिय भीषण चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ (Akwan) का अप्रत्यक्ष और हल्का प्रभाव आने वाले दिनों में राजस्थान के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, यद्यपि इस चक्रवात का सीधा असर राजस्थान पर नहीं पड़ेगा, लेकिन इसके प्रभाव से कोटा संभाग के मौसम में बदलाव होने की संभावना है और वहां हल्के बादल छा सकते हैं। दूसरी ओर, प्रदेश में चल रही उत्तरी हवाओं के कारण शेखावाटी क्षेत्र और बीकानेर संभाग में रात के तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे सर्दी का असर और तेज होगा। माउंट आबू से ठंडा रहा फतेहपुर, अगले दो दिन में और बढ़ेगी सर्दी

फतेहपुर में सबसे सर्द रात: पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क और साफ रहा, लेकिन रात के तापमान में गिरावट से ठिठुरन बढ़ गई है। बुधवार रात सीकर जिले के फतेहपुर में सबसे अधिक ठंड दर्ज की गई, जहां न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। यह हिल स्टेशन माउंट आबू (10.7 डिग्री) से भी कम रहा। इसके अलावा अलवर में 10.2, चूरू में 10.9, नागौर में 11.0, करौली में 11.7 और सिरोही में 11.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

चक्रवात का प्रभाव व आगामी पूर्वानुमान: मौसम विभाग के मुताबिक, 20 नवंबर को चक्रवात ‘अकवान’ के आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों (नेल्लोर और विशाखापट्टनम के मध्य) से टकराने की संभावना है, जिसका सीधा असर 8 राज्यों में दिखेगा। राजस्थान में अगले तीन दिन मौसम साफ रहने और तापमान में गिरावट के साथ शेखावाटी व बीकानेर संभाग में रात की सर्दी बढ़ने के आसार हैं, जबकि कोटा संभाग में अगले सप्ताह बादलवाही हो सकती है।

प्रमुख शहरों के तापमान का हाल
जयपुर: राजधानी में मौसम सुहावना बना हुआ है। बुधवार को दिनभर आसमान साफ रहने और हल्की ठंडी हवा चलने के कारण धूप सुहावनी रही और अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। शाम होने के साथ ही ठंडक बढ़ी और रात का न्यूनतम तापमान गिरकर 16.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। अजमेर: शहर में सुबह के समय ठंडी हवा चलने से सिहरन महसूस हुई। यहां अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में धूप खिली रहने के बावजूद सुबह और शाम की सर्दी में इजाफा हुआ है।