ओडिशा-छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक एकता देश के लिए प्रेरणादायक : अश्विनी षडंगी

Follow Us

दुर्ग। ओडिशा के बरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक अश्विनी कुमार षडंगी छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान दुर्ग पहुंचे, जहां स्थानीय नागरिकों, प्रवासी समुदाय और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने उनका स्वागत और नागरिक अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने दोनों राज्यों के बीच लंबे समय से चले आ रहे रोटी-बेटी के संबंधों, कृषि विकास और साझा सांस्कृतिक विरासत पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि बरगढ़ और छत्तीसगढ़ दोनों कृषि प्रधान क्षेत्र हैं और धान उत्पादन के लिए पहचाने जाते हैं। दोनों जगहों की अर्थव्यवस्था में किसानों की अहम भूमिका है।

विधायक षडंगी ने छत्तीसगढ़ में कृषि और ग्रामीण बुनियादी ढांचे में हो रहे बदलावों की सराहना करते हुए जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और आधुनिक कृषि तकनीकों के आदान-प्रदान की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती इलाकों में सड़क और कनेक्टिविटी बेहतर होने से दोनों राज्यों के लोगों के साथ व्यापारियों की आवाजाही भी आसान हुई है। आने वाले समय में टेक्सटाइल, कुटीर उद्योग और अन्य क्षेत्रों में आपसी व्यापार बढ़ने की संभावना है। उन्होंने बरगढ़ की संबलपुरी वेशभूषा, हथकरघा और प्रसिद्ध धनु यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि इनकी सांस्कृतिक छाप छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिलती है।

षडंगी ने छत्तीसगढ़ में रहने वाले उड़िया समुदाय और स्थानीय लोगों के बीच कायम मजबूत भाईचारे को देश के लिए अनुकरणीय बताया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक सीमाएं दोनों राज्यों के लोगों के आपसी संबंधों को सीमित नहीं करतीं। लगातार बढ़ता मेल-जोल सामाजिक सौहार्द के साथ विकास के नए अवसर भी तैयार कर रहा है।