कच्चा तेल हुआ महंगा, फिर भी नहीं बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम! जानिए आपके शहर में क्या है नया रेट

Follow Us

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में एक बार फिर तेजी देखने को मिल रही है। ब्रेंट क्रूड 101 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है, जबकि WTI क्रूड भी लगातार मजबूत बना हुआ है। अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता विफल होने के बाद वैश्विक बाजार में तनाव बढ़ गया है, जिसका असर तेल की कीमतों पर साफ दिखाई दे रहा है। जानकारों के मुताबिक, होरमुज जलडमरूमध्य में जारी तनाव और सप्लाई को लेकर बढ़ती चिंताओं के कारण कच्चे तेल की कीमतें ऊपर जा रही हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump और ईरान के बीच परमाणु मुद्दे पर बनी असहमति ने बाजार की चिंता और बढ़ा दी है।

हालांकि, अंतरराष्ट्रीय दबाव के बावजूद भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। सरकारी तेल कंपनियां लगातार नुकसान झेलने के बावजूद पुराने रेट पर ईंधन बेच रही हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनियों को रोजाना 1,600 से 1,700 करोड़ रुपये तक का नुकसान हो रहा है। देश के बड़े शहरों में दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपये और डीजल 87.67 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। मुंबई में पेट्रोल 103.50 रुपये, कोलकाता में 105.45 रुपये और चेन्नई में करीब 101 रुपये प्रति लीटर पहुंच चुका है। विशेषज्ञों का मानना है कि, यदि कच्चे तेल की कीमतों में तेजी लंबे समय तक बनी रही, तो आने वाले दिनों में भारत में भी ईंधन की कीमतों पर असर देखने को मिल सकता है।