बलौदाबाजार। शासन के अटैच शिक्षकों को मूल पदस्थापना स्थल पर भेजने के आदेश के बाद बलौदाबाजार के इग्नाइट इंग्लिश मीडियम स्कूल में पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। स्कूल से तीन शिक्षिकाओं को उनके मूल विद्यालय भेजने की प्रक्रिया शुरू होने के बाद पालकों ने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता जताई है।
दरअसल, शासन ने शासकीय कार्यालयों में अटैच शिक्षकों को उनके मूल पदस्थापना स्थल पर भेजने के निर्देश जारी किए हैं। हालांकि, बलौदाबाजार जिले में इसका असर उन शिक्षकों पर भी पड़ता दिख रहा है, जो किसी कार्यालय में नहीं बल्कि इग्नाइट इंग्लिश मीडियम स्कूल में शिक्षण कार्य कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, इग्नाइट इंग्लिश मीडियम स्कूल में अभी तक स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति नहीं हुई है। यहां दूसरे स्कूलों से व्यवस्था के तहत शिक्षकों की सेवाएं ली जा रही थीं। ऐसे में तीन शिक्षिकाओं की वापसी से स्कूल में पढ़ाई की व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। स्कूल में 95 छात्र अध्ययनरत हैं, जिनमें अधिकांश आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं।
पालकों का कहना है कि उन्होंने बेहतर शिक्षा की उम्मीद से अपने बच्चों का दाखिला इस स्कूल में कराया है। यदि शिक्षकों की संख्या कम हो गई तो बच्चों की पढ़ाई और भविष्य पर सीधा असर पड़ेगा। मामले को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने फिलहाल इस विषय पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। अब अभिभावकों की निगाहें इस बात पर हैं कि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए शिक्षा विभाग क्या कदम उठाता है।


