मुंबई। अभिनेता इमरान खान राजनीतिक प्रदर्शन में शामिल होने के बाद विवादों में घिर गए हैं। आमिर खान के भांजे इमरान अपनी गर्लफ्रेंड लेखा वाशिंगटन के साथ कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से अगस्त क्रांति मैदान के बाहर आयोजित विरोध प्रदर्शन में पहुंचे थे। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जा रही थी। मौके पर पहुंची मुंबई पुलिस ने इमरान, लेखा और जैन को कुछ समय के लिए हिरासत में लिया, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।
इस घटना के बाद भाजपा के पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने मुंबई पुलिस को पत्र लिखकर इमरान खान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सोमैया का आरोप है कि इमरान विदेशी नागरिक होने के बावजूद राजनीतिक प्रदर्शन में शामिल हुए। इमरान का जन्म अमेरिका में हुआ था और उनके पास अमेरिकी नागरिकता होने की जानकारी सामने आई है। वह वर्क वीजा पर भारत आए थे, लेकिन उन्हें भारतीय नागरिकता मिली है या नहीं, इस बारे में स्थिति स्पष्ट नहीं है। प्रदर्शन के दौरान मीडिया से बातचीत में इमरान ने कहा था कि वह किसी मांग को लेकर वहां नहीं पहुंचे, बल्कि शहर में रहने वाले एक व्यक्ति के तौर पर यह देखने आए थे कि लोगों की आवाजाही पर रोक क्यों लगाई जा रही है और उनकी आवाज क्यों दबाई जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि वह किसी संगठन का हिस्सा नहीं हैं और किसी से कोई मांग नहीं कर रहे हैं।
भारत में विदेशी नागरिकों और ओसीआई कार्डधारकों की राजनीतिक गतिविधियों को लेकर नियम लागू हैं। ऐसे में इमरान की नागरिकता और भारत में उनकी कानूनी स्थिति इस मामले में महत्वपूर्ण है। यदि नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित कानूनों के तहत कार्रवाई का सवाल उठ सकता है। फिलहाल, किरीट सोमैया की शिकायत पर पुलिस क्या कदम उठाती है और अभिनेता की नागरिकता को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं, इस पर नजर बनी हुई है।
