अभिनेत्री तृषा पर टिप्पणी को लेकर विवाद तेज, उदयनिधि स्टालिन पर पुलिस कार्रवाई

Follow Us

चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में अभिनेत्री तृषा कृष्णन को लेकर दिए गए कथित विवादित बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। मामले में डीएमके नेता और पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। यह कदम सत्तारूढ़ दल तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) की शिकायत के बाद उठाया गया।

मामला तंजावुर में आयोजित एक जनसभा से जुड़ा है, जहां कावेरी जल विवाद को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। रिपोर्ट्स के अनुसार, भाषण के दौरान कुछ लोगों ने अभिनेत्री तृषा का नाम लेकर नारे लगाए, जिसके बाद उदयनिधि की एक टिप्पणी विवादों में आ गई। विरोधियों ने इसे आपत्तिजनक और महिला सम्मान से जुड़ा मामला बताते हुए कार्रवाई की मांग की।

टीवीके की महिला विंग की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ कदम उठाया। वहीं, उदयनिधि की ओर से कहा गया कि, उनकी टिप्पणी का संदर्भ कावेरी नदी के पानी से जुड़ा था और उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। फिलहाल यह मामला तमिलनाडु की राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर तय होगी।