रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में युवा कांग्रेस ने अपने संगठन को नई धार और ऊर्जा देने के लिए एक बड़ा रणनीतिक फैसला लिया है। अपनी बेदाग निष्ठा और जमीनी सक्रियता के लिए पहचाने जाने वाले नवाज खान को आधिकारिक तौर पर रायपुर उत्तर विधानसभा युवा कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नवाज खान का राजनीतिक सफर जमीनी स्तर के संघर्षों से शुरू हुआ है। उन्होंने संगठन में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चुनाव लड़कर उपाध्यक्ष का पद हासिल किया था और अपनी कार्यकुशलता के दम पर पहले कार्यकारी अध्यक्ष और अब पूर्णकालिक अध्यक्ष की जिम्मेदारी प्राप्त की है।
नवाज खान की इस पदोन्नति के पीछे उनकी निरंतर मेहनत और जनसेवा का बड़ा हाथ है। हाल ही में जब रायपुर में फिल्टर प्लांट की पाइपलाइन फटने से भीषण जल संकट गहराया था, तब नवाज ने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर न केवल राहत कार्यों में मदद की, बल्कि जनता की आवाज को प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाया। उनकी इसी निष्ठा को देखते हुए युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा, प्रभारी अमित सिंह पठानिया और सह-प्रभारी डॉ. मोनिका मंदरे ने उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी नेतृत्व को भरोसा है कि नवाज के आने से रायपुर उत्तर में संगठन को नई मजबूती मिलेगी।
अपनी इस नई जिम्मेदारी पर नवाज खान ने कहा कि, यह नियुक्ति पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और रायपुर उत्तर के युवाओं के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने संकल्प लिया कि, वे राहुल गांधी के विजन और कांग्रेस की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाएंगे। आने वाले समय में वे युवाओं, किसानों और मजदूरों के हक के लिए अपनी लड़ाई को और भी प्रखर करेंगे। इस नियुक्ति के बाद रायपुर उत्तर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह का माहौल है और उन्हें उम्मीद है कि, नवाज के नेतृत्व में युवा कांग्रेस क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगी।
