रायपुर। छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के खिलाफ मुख्यमंत्री हेल्पलाइन ‘1076’ में शिकायत दर्ज कराने का एक अनोखा मामला सामने आया है। डीएड (D.Ed.) प्रशिक्षित अभ्यर्थियों का आरोप है कि न्यायालय (हाईकोर्ट) के स्पष्ट आदेश के बावजूद प्रदेश में सहायक शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को जानबूझकर रोका गया है और पात्र अभ्यर्थियों को अब तक नियुक्ति पत्र जारी नहीं किए गए हैं। इस लेटलतीफी से नाराज अभ्यर्थियों ने जब सीधे मुख्यमंत्री हेल्पलाइन का रुख किया, तो वहां से मिले जवाब ने उनकी चिंता और बढ़ा दी।
अभ्यर्थियों के अनुसार, जब उन्होंने हेल्पलाइन 1076 पर कॉल किया, तो कॉल अटेंडर ने बताया कि इस विशिष्ट विषय या शिकायत से संबंधित ‘कैटेगरी’ (श्रेणी) अभी पोर्टल में अपडेट नहीं की गई है, जिसके कारण फिलहाल इस शिकायत को दर्ज नहीं की जा सकती। हेल्पलाइन कर्मी ने स्पष्ट किया कि शिकायत केवल उसी स्थिति में दर्ज होगी, जब किसी अभ्यर्थी को जॉइनिंग लेटर मिल चुका हो और फिर भी उसे पदस्थापना न दी जा रही हो। विभागीय अधिकारियों और शिक्षा मंत्री पर टालमटोल का आरोप लगाते हुए अभ्यर्थियों ने कहा कि उन्हें भर्ती प्रक्रिया रोकने का कोई ठोस कारण भी नहीं बताया जा रहा है, जिससे उनका भविष्य अधर में लटका हुआ है।
