विवादित जोक पर कॉमेडियन मधुर विरली ने मांगी माफी, बोले- ‘मुझसे गलती हुई’

Follow Us

मुंबई। स्टैंड-अप कॉमेडियन मधुर विरली ने अपने पुराने शो ‘लव एंड लेटेक्स’ के एक विवादित क्लिप को लेकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। सोशल मीडिया पर क्लिप के दोबारा वायरल होने के बाद उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उन्होंने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर प्रतिक्रिया दी। मधुर ने कहा कि वायरल हो रही क्लिप लगभग दो साल पुरानी परफॉर्मेंस का हिस्सा थी और उन्हें उसी समय एहसास हो गया था कि यह प्रस्तुति अनुचित थी। उन्होंने बताया कि इस हिस्से को काफी पहले ही अपने शो से हटा दिया गया था।

अपने बयान में उन्होंने कहा कि कॉमेडी के जरिए कठिन और संवेदनशील विषयों पर चर्चा की जा सकती है, लेकिन कुछ मुद्दों को प्रस्तुत करते समय अधिक संवेदनशीलता, समझदारी और जिम्मेदारी की आवश्यकता होती है। उन्होंने स्वीकार किया कि इस मामले में उनसे गलती हुई और इसके लिए उन्हें खेद है। कॉमेडियन ने कहा कि जब कोई प्रस्तुति सही तरीके से नहीं उतरती, तो उसे स्वीकार करना, माफी मांगना और उससे सीख लेना ही सही रास्ता होता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका इंस्टाग्राम अकाउंट हालिया विवाद के कारण नहीं, बल्कि करीब छह महीने पहले ही निष्क्रिय कर दिया गया था। मधुर विरली ने कहा कि यदि उनके मजाक से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो उन्हें इसका वास्तविक अफसोस है और वह भविष्य में अधिक जिम्मेदारी के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।