कच्चे तेल में बड़ी गिरावट! 80 डॉलर के करीब पहुंचा क्रूड, क्या अब सस्ता होगा पेट्रोल-डीजल?

Follow Us

नई दिल्ली। वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में सोमवार को बड़ी गिरावट देखने को मिली, जिससे ऊर्जा बाजार में हलचल बढ़ गई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्रूड ऑयल करीब दो महीनों के निचले स्तर पर पहुंच गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते की बढ़ती उम्मीदों ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है, जिसके चलते तेल की कीमतों पर दबाव बना है।

कारोबार के दौरान WTI क्रूड 80 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंच गया, जबकि ब्रेंट क्रूड भी गिरावट के साथ 83 डॉलर प्रति बैरल के करीब कारोबार करता दिखाई दिया। बाजार को उम्मीद है कि यदि दोनों देशों के बीच बातचीत सफल रहती है तो वैश्विक तेल आपूर्ति में सुधार होगा और पश्चिम एशिया से जुड़े जोखिम कम हो सकते हैं। भारत जैसे बड़े तेल आयातक देशों के लिए यह खबर राहत भरी मानी जा रही है। कच्चे तेल की कीमतों में कमी आने से देश का आयात खर्च घट सकता है, जिससे अर्थव्यवस्था को फायदा मिलेगा।

हालांकि पेट्रोल और डीजल के खुदरा दामों में तुरंत कटौती होगी या नहीं, यह तेल कंपनियों और सरकारी कर ढांचे पर निर्भर करेगा। फिलहाल देश के प्रमुख शहरों में पेट्रोल और डीजल की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि, यदि आने वाले दिनों में क्रूड ऑयल लगातार सस्ता रहता है और वैश्विक हालात सामान्य होते हैं, तो ईंधन कीमतों में राहत की संभावना बढ़ सकती है।वहीं, कच्चे तेल की मौजूदा गिरावट ने आम उपभोक्ताओं और उद्योग जगत दोनों के लिए उम्मीद की नई किरण जगाई है।