रायपुर। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने रविवार को शहर के बाढ़ प्रभावित इलाकों और राहत शिविरों का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को आवश्यक मदद उपलब्ध कराने और शिविरों में सभी जरूरी सुविधाएं बनाए रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा और जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन सहित अन्य अधिकारियों के साथ श्रीलंका नगर बस्ती का निरीक्षण किया। इसके बाद पूर्व माध्यमिक शाला चांदनीडीह और शासकीय प्राथमिक शाला घनश्याम नगर डिपरापारा में संचालित राहत शिविरों में पहुंचकर वहां रह रहे लोगों से बातचीत की और उनकी जरूरतों की जानकारी ली।
कलेक्टर ने शिविरों में पर्याप्त राशन, भोजन, दवाइयां और कपड़ों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुकसान का सर्वे कर पात्र परिवारों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति दिलाने को कहा। निरीक्षण के दौरान डॉ. गौरव सिंह, संबित मिश्रा, कुमार बिश्वरंजन और डीसीपी पश्चिम रॉबिंसन गुडिय़ा ने राहत शिविर में बांटे जा रहे भोजन को खुद खाकर उसकी गुणवत्ता परखी। कलेक्टर ने भोजन की गुणवत्ता के साथ स्वच्छता और नियमित आपूर्ति पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम नंदकुमार चौबे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
