रायपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सुशासन तिहार-2026 के तहत आयोजित कार्यक्रमों का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे जन समस्या निवारण शिविर में पहुंचकर आम लोगों से सीधे संवाद करेंगे और शिकायतों के समाधान की वास्तविक स्थिति का फीडबैक लेंगे। मुख्यमंत्री का उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी व जवाबदेह बनाना है, ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
कार्यक्रम के तहत विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों और लंबित मामलों की भी समीक्षा की जाएगी। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मुख्यमंत्री अधिकारियों के साथ मैराथन समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में शिकायतों के निराकरण, विकास योजनाओं की प्रगति और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी। मुख्यमंत्री अधिकारियों को निर्देश देंगे कि, आम जनता की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों का प्रशासन पर भरोसा मजबूत हो सके।
