चांपा। नगर के होनहार शास्त्रीय गायक अंशुल तिवारी ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल कर पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। देहरादून में आयोजित प्रतिष्ठित नेशनल म्यूजिक एंड डांस फेस्टिवल में देश-विदेश के दिग्गज कलाकारों के बीच अंशुल तिवारी को उनके उत्कृष्ट योगदान, कठिन साधना और निरंतर शानदार प्रदर्शन के लिए प्रतिष्ठित “संगीत रत्नाकर अवॉर्ड” से नवाजा गया है।
अंशुल ने बेहद कम समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी विलक्षण गायकी का लोहा मनवाया है। इससे पूर्व उन्होंने असम के गुवाहाटी में आयोजित इंटरनेशनल प्रोग्राम की सीनियर वोकल (शास्त्रीय गायन) स्पर्धा में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया था, वहीं दुर्ग में आयोजित देशराग इंटरनेशनल म्यूजिक हारमनी में भी वे प्रथम स्थान पर रहे थे, जबकि प्रतिष्ठित वृंदावन इंटरनेशनल म्यूजिक फेस्टिवल में उन्होंने देश भर के कलाकारों के बीच द्वितीय स्थान हासिल किया था।
अंशुल की इस बड़ी राष्ट्रीय उपलब्धि के बाद चांपा आगमन पर उनका भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया। इस ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण की खुशी साझा करने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक नगरपालिका चांपा के प्रतिपक्ष नेता हरीश पाण्डेय के निवास कार्यालय पहुंचे, जहां नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, पूर्व पालिका अध्यक्ष एवं कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, किशन सोनी, गुलशन सोनी, पार्षद ललित देवांगन और पार्षद पुरुषोत्तम देवांगन ने संयुक्त रूप से अंशुल तिवारी का शॉल-श्रीफल भेंट कर और मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठों ने अंशुल की संगीत साधना की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय फलक पर चांपा का नाम चमकाकर पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य और आगामी सांगीतिक यात्रा के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं व आशीर्वाद प्रदान किया, जिससे कलाकार के परिवार सहित स्थानीय कला प्रेमियों में हर्ष व्याप्त है।
