सड़क, नाली, मुक्तिधाम, भवन व उद्यान विकास को मिली प्रशासनिक स्वीकृति

Follow Us

चांपा। राज्य शासन द्वारा नगर पालिका चांपा के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए अधोसंरचना मद में नगर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों हेतु कुल 595.61 लाख (पाँच करोड़ पंचानवे लाख इकसठ हजार रुपये मात्र) की प्राविधिक स्वीकृति प्रदान की गई है। यह स्वीकृति संचालनालय, नगरीय प्रशासन एवं विकास, छत्तीसगढ़ द्वारा जारी आदेश के तहत दी गई है।

नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव ने बताया कि इस स्वीकृति से नगर के लगभग सभी वार्डों में बहुप्रतीक्षित विकास कार्य कराए जाएंगे। इनमें सी.सी. सड़क एवं डामरीकरण, आर.सी.सी. नाली निर्माण, पुलिया निर्माण, सामुदायिक भवन निर्माण, मुक्तिधाम का निर्माण एवं उन्नयन, उद्यान विकास, पेवर ब्लॉक एवं रिटेनिंग वॉल निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।

स्वीकृत योजना के तहत वार्ड क्रमांक 1 से 27 तक विभिन्न मोहल्लों में सड़क व नाली निर्माण, नदी घाट एवं मुक्तिधाम तक पहुँच मार्ग, बाजार व आवासीय क्षेत्रों में डामरीकरण, सामुदायिक भवन एवं उद्यान उन्नयन जैसे कार्य कराए जाएंगे। इसके साथ ही कई स्थानों पर जल निकासी की समस्या को दूर करने हेतु आर.सी.सी. नालियों का निर्माण किया जाएगा।

लोक निर्माण विभाग के सभापति संजय सोनी ने कहा कि इन विकास कार्यों से नगर के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी, नागरिकों को बेहतर सड़क एवं आवागमन सुविधा मिलेगी तथा बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि योजना में नगर के लगभग सभी वार्डों को शामिल किया गया है, जिससे समग्र एवं संतुलित विकास सुनिश्चित होगा।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी राम संजीवन सोनवानी ने बताया कि स्वीकृत सभी कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कर शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार गुणवत्ता एवं समय-सीमा का विशेष ध्यान रखते हुए पूर्ण कराया जाएगा, ताकि नगरवासियों को समय पर विकास योजनाओं का लाभ मिल सके, विकास कार्यों की राशि स्वीकृति मिलते ही पार्षदों में हर्ष व्याप्त है था अध्यक्ष सहित समस्त पार्षदों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, प्रभारी मंत्री ओ. पी. चौधरी,सांसद कमलेश जांगड़े,नारायण चंदेल तथा भाजपा जिला अध्यक्ष अंबेश जांगड़े सहित मंडल के समस्त सदस्यों के प्रति आभार प्रकट किया है ।