मुंबई। हॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर क्रिस्टोफर नोलन अपनी आगामी फिल्म ‘द ओडिसी’ के इंडिया प्रीमियर के लिए अगले महीने मुंबई पहुंचेंगे। उनके साथ फिल्म के प्रमुख कलाकार मैट डेमन, टॉम हॉलैंड और प्रोड्यूसर एम्मा थॉमस भी मौजूद रहेंगे। यह पहली बार होगा जब नोलन अपनी किसी फिल्म के प्रीमियर के लिए भारत आएंगे। फिल्म 17 जुलाई को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ग्लोबल प्रीमियर टूर के तहत मुंबई को आधिकारिक स्टॉप के रूप में चुना गया है, जिससे यह शहर लंदन, पेरिस और न्यूयॉर्क जैसे प्रमुख शहरों की सूची में शामिल हो गया है।’द ओडिसी’ पूरी तरह IMAX कैमरों से शूट की गई दुनिया की पहली फीचर फिल्म बताई जा रही है। इसका इंडिया प्रीमियर मुंबई के PVR आइकॉन IMAX, फीनिक्स पैलेडियम में आयोजित किया जाएगा।
फिल्म में मैट डेमन, टॉम हॉलैंड, ऐनी हैथवे, रॉबर्ट पैटिनसन, लुपिता न्योंगो, ज़ेंडया, सामंथा मॉर्टन और चार्लीज़ थेरॉन जैसे सितारे नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन और लेखन क्रिस्टोफर नोलन ने किया है, जबकि निर्माण एम्मा थॉमस और नोलन की कंपनी सिंकोपी के बैनर तले हुआ है। होमर की प्रसिद्ध महाकाव्य कथा पर आधारित ‘द ओडिसी’ में ट्रॉय युद्ध के बाद ओडिसियस की दस साल लंबी घर वापसी की रोमांचक यात्रा को बड़े पर्दे पर दिखाया जाएगा।
