छठी मैया की भक्ति में सराबोर हुआ चिरमिरी, डोमनहिल घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

Follow Us

अस्ताचलगामी सूर्य को अघ्र्य देकर व्रती महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने चिरमिरी और मनेंद्रगढ़ के विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर की पूजा-अर्चना, व्रती महिलाओं को दी पर्व की शुभकामनाएं

एमसीबी। लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के चिरमिरी में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। चिरमिरी के डोमनहिल स्थित छठ घाट पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। अस्ताचलगामी सूर्य को अघ्र्य अर्पित करने के लिए बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं, उनके परिजन और श्रद्धालु घाट पर पहुंचे। चारों ओर छठी मैया के पारंपरिक गीतों की गूंज, दीपों की रोशनी और श्रद्धालुओं की अटूट आस्था ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

छठ पूजा के इस पावन अवसर पर घाटों का आकर्षक ढंग से साज-सज्जा की गई थी। कोई श्रद्धालु सिर पर पूजा सामग्री से सजा टोकना लेकर पहुंचा, तो कोई कंधे पर गन्ना उठाए छठी मैया की आराधना के लिए घाट की ओर बढ़ता नजर आया। वहीं हाथों में फलों और पूजन सामग्री से सजा सूप, उसमें जलता दीप और मन में छठी मैया के प्रति अटूट विश्वास लिए व्रती महिलाएं पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना में जुटी रहीं।

जैसे-जैसे सूर्यास्त का समय नजदीक आता गया, घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई। व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर भगवान सूर्यदेव को अघ्र्य अर्पित किया और छठी मैया से परिवार की सुख-शांति, समृद्धि, खुशहाली और संतान की मंगलकामना की। घाट पर गूंजते पारंपरिक छठ गीतों और जलते दीपों की रोशनी ने डोमनहिल क्षेत्र को आस्था के रंग में सराबोर कर दिया। हर चेहरे पर श्रद्धा, हर हाथ में पूजा का सूप और हर मन में छठी मैया के प्रति अटूट विश्वास दिखाई दिया।

भिलाई में 29वें स्कंदषष्ठी महोत्सव की महापूर्णाहुति में शामिल हुए राज्यपाल रमेन डेका

इस दौरान स्थानीय विधायक एवं प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी डोमनहिल छठ घाट पहुंचे। उन्होंने व्रती महिलाओं के बीच पहुंचकर पूजा-अर्चना की और छठी मैया का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंत्री ने छठ व्रत कर रही माता-बहनों से मुलाकात कर उन्हें लोक आस्था के महापर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उल्लेखनीय है कि हर वर्ष की परंपरा को निभाते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सबसे पहले डोमनहिल छठ घाट पहुंचे। इसके बाद उन्होंने गोदरीपारा, बड़ा बाजार, हल्दीबाड़ी, कोरिया, पोड़ी और जीएम कॉम्प्लेक्स सहित चिरमिरी के विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और छठी मैया से क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने सभी छठ व्रतधारी माताओं और बहनों को पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

वहीं छठ महापर्व के अगले महत्वपूर्ण चरण यानी उगते सूर्य को अघ्र्य देने के दौरान भी स्वास्थ्य मंत्री ने मनेंद्रगढ़ के विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर व्रती महिलाओं के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने पूजा-अर्चना कर छठी मैया का आशीर्वाद लिया और श्रद्धालुओं को पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर चिरमिरी में नगर पालिक निगम के महापौर राम नरेश राय, जबकि मनेंद्रगढ़ में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव एवं नगर पंचायत अध्यक्ष देवेंद्र सिंह राणा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

सोनम वांगचुक 60 दिनों के लिए नजरबंद, लद्दाख काउंसिल चुनाव के विरोध पर प्रशासन का कड़ा एक्शन

छठ महापर्व के दौरान चिरमिरी और मनेंद्रगढ़ के विभिन्न घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने एक बार फिर लोक आस्था, पारिवारिक परंपरा और सामाजिक एकजुटता की अनूठी तस्वीर पेश की। भगवान सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना के साथ पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया। श्रद्धा, समर्पण और विश्वास के इस महापर्व ने चिरमिरी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को एक बार फिर जीवंत कर दिया।