रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 8 जुलाई 2026 को रायपुर के डूमरतराई में विकसित अत्याधुनिक नवीन थोक बाजार का नामकरण और लोकार्पण करेंगे। यह आधुनिक व्यापारिक परिसर प्रदेश के व्यापारियों और आम जनता को समर्पित किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता आवास एवं पर्यावरण, वित्त, वाणिज्यिक कर, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी मंत्री ओ.पी. चौधरी करेंगे। बताया गया है कि यह कार्यक्रम पहले 5 जुलाई 2026 को प्रस्तावित था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से इसे स्थगित कर दिया गया था। अब आयोजन 8 जुलाई को किया जाएगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर करीब 36 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस नवीन थोक बाजार को व्यापारियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से तैयार किया गया है। परिसर में चौड़ी सड़कें, पार्किंग सुविधा, बेहतर यातायात व्यवस्था, सुव्यवस्थित व्यापारिक ढांचा और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। परियोजना का विकास चरणबद्ध तरीके से किया गया है। पहले चरण में करीब 76 करोड़ रुपये की लागत से 536 व्यावसायिक दुकानें और हॉल तैयार किए गए हैं। वहीं दूसरे चरण में लगभग 145 करोड़ रुपये की स्वीकृति से 154 स्वतंत्र व्यावसायिक दुकानों का निर्माण किया गया है। नवीन थोक बाजार के शुरू होने से रायपुर समेत पूरे प्रदेश की व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है। यह परिसर व्यापारियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक कारोबारी वातावरण उपलब्ध कराएगा। साथ ही रोजगार के नए अवसरों के सृजन में भी इसकी अहम भूमिका होगी।
लोकार्पण समारोह में प्रदेश सरकार के कई मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, व्यापारी और अधिकारी शामिल होंगे। कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे। डूमरतराई नवीन थोक बाजार को छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की आधुनिक सोच और बेहतर व्यापारिक ढांचे की दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है।
