सिंगापुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने SING Forum 2026 के मंच से सिंगापुर के उद्योग जगत और निवेशकों के सामने छत्तीसगढ़ में उपलब्ध कारोबारी अवसरों को रखा। उन्होंने राज्य की औद्योगिक क्षमता, प्राकृतिक संसाधनों और उभरते क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए सिंगापुर की कंपनियों को छत्तीसगढ़ में निवेश और साझेदारी के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था अब केवल खनिज आधारित गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि तकनीक, नवाचार और आधुनिक उद्योगों के क्षेत्र में भी नए अवसर तैयार हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अपने संसाधनों को आधुनिक तकनीक और बेहतर औद्योगिक ढांचे के साथ जोड़कर निवेश का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सिंगापुर की तकनीकी विशेषज्ञता और शहरी विकास से जुड़े अनुभव को प्रदेश की क्षमताओं के साथ जोड़ने से नई परियोजनाओं के रास्ते खुल सकते हैं। राज्य सरकार की ओर से निवेशकों को नीतिगत सहयोग और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता भी जताई गई।
बैठक के दौरान टेक्नोलॉजी एवं प्रोफेशनल कैपेबिलिटी सेंटर, लॉजिस्टिक्स, ग्रीन एनर्जी, औद्योगिक अधोसंरचना और शहरी विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच कारोबारी साझेदारी बढ़ने से निवेश के साथ रोजगार के अवसर, कौशल विकास और तकनीकी हस्तांतरण को भी गति मिल सकती है। SING Forum 2026 में छत्तीसगढ़ की भागीदारी को राज्य की निवेश संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर रखने की पहल के रूप में देखा जा रहा है।
