रायपुर। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की समृद्ध कला, संस्कृति, पारंपरिक शिल्प और जनजातीय विरासत आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यहां लगाए गए छत्तीसगढ़ पवेलियन में प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, पारंपरिक वस्त्र, कोसा रेशम और हस्तनिर्मित कलाकृतियों को प्रदर्शित किया गया है, जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश की विशिष्ट पहचान को सामने ला रहे हैं।
संस्कृति विभाग के संचालक डॉ. संजय कन्नौजे ने मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शित कलाकृतियों, पारंपरिक वस्त्रों, कोसा रेशम और जनजातीय संस्कृति से जुड़ी सामग्री का अवलोकन किया। उन्होंने प्रदेश के शिल्पकारों की कला, पारंपरिक कौशल और पीढ़ियों से संरक्षित सांस्कृतिक विरासत के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि लोककला, जनजातीय संस्कृति और हस्तशिल्प छत्तीसगढ़ की पहचान हैं। इनके संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार से प्रदेश की सांस्कृतिक समृद्धि को नई पहचान मिलती है।
छत्तीसगढ़ पवेलियन में कोसा रेशम से बने वस्त्र, पारंपरिक परिधान और हस्तशिल्प उत्पाद प्रदेश की विशिष्ट कलात्मक परंपराओं को दर्शा रहे हैं। कोसा रेशम अपनी गुणवत्ता, प्राकृतिक सुंदरता और खास बुनाई के लिए प्रसिद्ध है। वहीं, जनजातीय जीवन से प्रेरित कलाकृतियों में लोकविश्वास, परंपराओं, सांस्कृतिक विविधता और प्रकृति के साथ समुदायों के जुड़ाव की झलक देखने को मिल रही है। डॉ. कन्नौजे ने कहा कि भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले जैसे आयोजन प्रदेश की कला और संस्कृति को व्यापक मंच प्रदान करते हैं तथा स्थानीय कलाकारों और शिल्पकारों के लिए नए अवसर खोलते हैं।
छत्तीसगढ़ बेलमेटल शिल्प, ढोकरा कला, लौह शिल्प, काष्ठ शिल्प, बांस शिल्प और कोसा वस्त्रों के लिए विशेष पहचान रखता है। इन पारंपरिक कलाओं में स्थानीय जीवनशैली, प्रकृति के प्रति आस्था और पीढ़ियों से चली आ रही रचनात्मक परंपराएं समाहित हैं। इनका संरक्षण सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ शिल्पकार समुदायों की आजीविका और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए भी महत्वपूर्ण है। भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और शिल्प परंपराओं का प्रदर्शन प्रदेश की विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने और इनके प्रति जागरूकता बढ़ाने का माध्यम बन रहा है।

