राष्ट्रीय पर्यटन मंच पर छाया छत्तीसगढ़, ‘Best Emerging Tourist Destination’ सम्मान से बढ़ा गौरव

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। विशाखापट्टनम में 10 से 13 सितंबर तक आयोजित 41वें इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स (IATO) वार्षिक सम्मेलन में प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया। सम्मेलन में देशभर से पर्यटन विभागों, ट्रैवल एजेंट्स, टूर ऑपरेटर्स और पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि शामिल हुए। छत्तीसगढ़ की पर्यटन विविधता को वीडियो प्रेजेंटेशन के जरिए सामने रखा गया, जिसमें बस्तर के जलप्रपात व जंगल, सिरपुर की ऐतिहासिक विरासत, दंतेवाड़ा की धार्मिक आस्था, वन्यजीव, जनजातीय संस्कृति और साहसिक पर्यटन स्थलों की झलक दिखाई गई। इस दौरान प्रदेश को ‘Best Emerging Tourist Destination’ सम्मान से भी नवाजा गया।

सम्मेलन में छत्तीसगढ़ पर्यटन के विकास की दिशा, नए पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने और स्थानीय समुदायों को पर्यटन से जोड़ने पर चर्चा हुई। ट्रैवल एजेंट्स और टूर ऑपरेटर्स को प्रदेश को अपनी यात्रा इटिनरी में शामिल करने के लिए आमंत्रित किया गया। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के पवेलियन में बड़ी संख्या में ट्रैवल ट्रेड से जुड़े लोगों ने बी-टू-बी बैठकें कर पर्यटन पैकेज और डेस्टिनेशन को लेकर चर्चा की। सम्मेलन में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू, आंध्र प्रदेश के पर्यटन मंत्री कंदुला दुर्गेश सहित कई प्रमुख प्रतिनिधि मौजूद रहे। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने भी सम्मेलन में भाग लिया और प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय मंच पर रखा।

13 सितंबर को हुए सम्मान समारोह में छत्तीसगढ़ को ‘Best Emerging Tourist Destination’ पुरस्कार प्रदान किया गया। इस उपलब्धि को प्रदेश की प्राकृतिक और सांस्कृतिक संपदा के साथ पर्यटन क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की महत्वपूर्ण पहचान माना जा रहा है। सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को लेकर ट्रैवल उद्योग की बढ़ी रुचि से प्रदेश में पर्यटकों की संख्या, पर्यटन निवेश और स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद जताई गई है। साथ ही प्रकृति, इतिहास, धर्म, जनजातीय संस्कृति और वन्यजीवों को एक साथ जोड़कर छत्तीसगढ़ को देश-दुनिया के प्रमुख पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में इसे अहम कदम माना जा रहा है।