छत्तीसगढ़ में ‘येलो अलर्ट’: 43.5°C के साथ तप रहा प्रदेश, स्वास्थ्य मंत्री ने जारी किए सख्त निर्देश

Follow Us

रायपुर। प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो चुका है। मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, राजनांदगांव 43.5 डिग्री के साथ सबसे गर्म इलाका रहा, जबकि राजधानी रायपुर भी 43 डिग्री पर तप रही है। बिलासपुर, माना और जगदलपुर में भी पारा रिकॉर्ड तोड़ रहा है। दोपहर होते ही लू के थपेड़ों के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसर रहा है और आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।

बढ़ते प्रकोप को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने सभी जिलों के CMHO को अलर्ट मोड पर रहने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि, अस्पतालों में खराब पंखे, कूलर और एसी को तुरंत दुरुस्त किया जाए। साथ ही, लू (Heat Stroke) और मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए ओआरएस (ORS) और जीवन रक्षक दवाओं का पर्याप्त बैकअप रखने को कहा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि, बहुत जरूरी न हो तो दोपहर 12 से शाम 4 बजे के बीच घर से बाहर न निकलें। सूरज की सीधी किरणें और बढ़ता तापमान डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ा सकता है। स्वास्थ्य विभाग ने सलाह दी है कि, बाहर निकलते समय सिर को ढककर रखें, सूती कपड़े पहनें और शरीर में पानी की कमी न होने दें। नींबू पानी, छाछ और नारियल पानी का सेवन इस मौसम में सुरक्षा कवच का काम करेगा।