सीजी वेदर अलर्ट: छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन बारिश-आंधी का अलर्ट, मानसून की एंट्री के लिए बने अनुकूल हालात

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की दस्तक से पहले मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। साथ ही मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बताई गई हैं।

बीते 24 घंटों के दौरान दुर्ग, जशपुर, बलरामपुर और एमसीबी जिले के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। दुर्ग में सबसे अधिक 3 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि जशपुरनगर में 2 सेंटीमीटर बारिश हुई। बुधवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस और दुर्ग का न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय द्रोणिका और ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से मौसम में बदलाव बना हुआ है। इसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। राजधानी रायपुर में गुरुवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और अंधड़ चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।