उफनती नदी में फंसी कार, रात में पुलिस ने 5 युवाओं को सुरक्षित किया रेस्क्यू

Follow Us

खैरागढ़-छुईखदान-गंडई। जिले में दनिया पुल पर शुक्रवारदेर रात करीब 2:30 बजे उफनती नदी के बीच फंसी कार से पुलिस ने पांच युवाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मध्य प्रदेश के कान्हा-किसली घूमने जा रहे रायपुर और भिलाई के रहने वाले ये पांचों दोस्त पुल पर लगे पुलिस स्टॉपर को तोड़ते हुए बाढ़ के तेज बहाव में चले गए थे। सड़क से बहकर नदी के बीच मझधार में कार फंसने के बाद पांचों लोगों ने पेड़ की टहनी पकड़कर अपनी जान बचाई। इसके बाद आपातकालीन नंबर 112 पर फोन करके मदद मांगी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने रात के अंधेरे और तेज बहाव के बीच सतर्कता से राहत कार्य चलाते हुए सभी को सकुशल बचा लिया।

सुरक्षित बाहर निकालने के बाद पुलिस ने सभी पीड़ितों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंडई पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। पूछताछ में सामने आया कि कार को कुबेर साहू चला रहा था। बचाए गए लोगों में गुढ़ियारी रायपुर निवासी कमलेश साहू (25), कृष्णा नगर गुढ़ियारी रायपुर निवासी कुबेर साहू (25),निहाल सक्सेना(21), कैंप-02 पावर हाउस भिलाई निवासी महक कौर (21) और कैंप-01 रामनगर भिलाई निवासी प्रीति रात्रे (20) शामिल हैं।

जिले में मानव तस्करी पर बड़ी कार्रवाई: गिरोह के 5 सदस्य गिरफ्तार, 1.48 करोड़ की जब्ती

चेतावनी को नजरअंदाज कर घुसाई कार:
बाढ़ की आशंका को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दनिया पुल पर पुलिस बल तैनात किया गया था। देर रात करीब 2:30 बजे रायपुर की ओर से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार (क्रमांक CG 04 PV 5636) को पुल के दूसरे छोर पर तैनात जवानों ने रोकने के लिए आवाज लगाई। चालक ने पुलिस की चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया, जिससे कार स्टॉपर से टकराकर उफनते पानी में चली गई। पानी का बहाव इतना तेज था कि कार बहकर नदी के बीचों-बीच पहुंच गई। कार में सवार लोग जान बचाने के लिए चीख-पुकार मचाने लगे।

अंधेरे और उफान के बीच चलाया अभियान:
ड्यूटी पर तैनात जवानों ने घटना की जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही गंडई थाना प्रभारी शिवशंकर गेंदले पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। भारी बारिश, अंधेरे और नदी के उफान के बीच पुलिस टीम ने अत्यधिक सावधानी बरतते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। इस बीच स्थिति को समझते हुए कार सवार पांचों लोगों ने पास ही मौजूद एक पेड़ की टहनी को कसकर पकड़ लिया था। पुलिस जवानों ने सूझबूझ दिखाते हुए एक-एक करके सभी पांचों लोगों को नदी के तेज बहाव से सुरक्षित बाहर निकाला।

बेटियों का जज्बा, अनुशासन और समर्पण देश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी- चौधरी