कान्स 2026: इंटरनेशनल मीडिया ने आलिया भट्ट को किया ‘इग्नोर’? वायरल क्लिप ने तोड़ा फैंस का दिल

Follow Us

कान्स (फ्रांस)। बॉलीवुड की ‘गंगूबाई’ आलिया भट्ट ने 12 मई को कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 की ओपनिंग नाइट में बेहद ग्लैमरस एंट्री की, लेकिन इस डेब्यू की चर्चा उनके लुक से ज्यादा एक ‘अनदेखी’ की वजह से हो रही है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने भारतीय प्रशंसकों के बीच गुस्से और बहस की लहर पैदा कर दी है। दावा किया जा रहा है कि इंटरनेशनल फोटोग्राफर्स ने आलिया को रेड कार्पेट पर पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया।

लॉरियल पेरिस की एंबेसडर के तौर पर आलिया ने तमारा राल्फ के खूबसूरत ब्लश-टोन्ड कॉउचर गाउन में कदम रखा। रिया कपूर द्वारा स्टाइल किए गए इस लुक में आलिया हाथ हिलातीं, मुस्कुरातीं और कैमरों को ‘फ्लाइंग किस’ देती नजर आईं। लेकिन, इंटरनेट यूजर्स ने गौर किया कि, जब आलिया पोज़ दे रही थीं, तब बैकग्राउंड में मौजूद विदेशी फोटोग्राफर्स उनके बजाय आसपास के अन्य वैश्विक सितारों की तस्वीरें लेने में मशगूल थे। कई कैमरों का रुख आलिया की तरफ था ही नहीं।

इस वीडियो पर भारतीय फैंस के मिले-जुले और तीखे रिएक्शन आ रहे हैं। जहां कुछ लोगों ने इस स्थिति को “अपमानजनक” और “शर्मनाक” बताया, वहीं कुछ ने आलिया के जबरदस्त आत्मविश्वास की तारीफ की। एक यूजर ने लिखा, “कोई फोटो नहीं ले रहा, फिर भी उनकी मुस्कान अटूट है, यह काबिल-ए-तारीफ है।” वहीं कुछ आलोचकों ने उनके पोज़ को थोड़ा अजीब भी बताया। फिलहाल, यह बहस जारी है कि, क्या यह वाकई कोई ‘इग्नोर’ करने वाली बात थी या केवल वीडियो का एक खास हिस्सा, लेकिन आलिया का यह डेब्यू उनकी उम्मीद से कहीं ज्यादा विवादों में घिर गया है।