कान्स 2026: क्या खत्म हो गया ऐश्वर्या राय का जादू? लॉरियल के पोस्टर्स से ‘गायब’ हुईं पूर्व विश्व सुंदरी, ब्रांड ने जवाब देकर बढ़ाया सस्पेंस

Follow Us

कान्स (फ्रांस)। पिछले दो दशकों से कान्स फिल्म फेस्टिवल के रेड कार्पेट पर अपनी खूबसूरती का परचम लहराने वाली ऐश्वर्या राय बच्चन इस साल चर्चाओं के केंद्र में हैं, लेकिन किसी ड्रेस के लिए नहीं, बल्कि अपनी ‘गैरमौजूदगी’ के लिए। लॉरियल पेरिस ने कान्स के मशहूर ले मार्टिनेज होटल में अपने ग्लोबल एंबेसडर्स के जो बड़े बैनर और पोस्टर्स लगाए हैं, उनमें आलिया भट्ट और कई अंतरराष्ट्रीय सितारों की तस्वीरें तो हैं, लेकिन ऐश्वर्या राय का गायब होना फैंस को हजम नहीं हो रहा है।

जैसे ही ब्रांड ने सोशल मीडिया पर इन प्रमोशनल कैंपेन्स की तस्वीरें साझा कीं, कमेंट सेक्शन में ऐश्वर्या के चाहने वालों ने सवालों की झड़ी लगा दी। फैंस का गुस्सा और हैरानी तब बढ़ गई जब उन्होंने देखा कि, ब्रांड ने इस साल आलिया को प्रमुखता दी है। इस ऑनलाइन बहस के बीच, लॉरियल पेरिस के आधिकारिक अकाउंट ने एक फैन के कमेंट पर जवाब देकर सस्पेंस को और गहरा कर दिया है। ब्रांड ने लिखा- “साल दर साल, कान्स दर कान्स, वह कभी नहीं चूकतीं।”

इस रहस्यमयी जवाब के बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि ऐश्वर्या इस साल भी रेड कार्पेट पर उतरेंगी, भले ही शुरुआती विज्ञापनों में वे नजर न आ रही हों। गौरतलब है कि, ऐश्वर्या राय साल 2002 से कान्स का हिस्सा रही हैं और 2003 से वे लॉरियल की ग्लोबल एंबेसडर के तौर पर इस प्रतिष्ठित मंच की शोभा बढ़ा रही हैं। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि, क्या इस साल भी ऐश्वर्या अपने ‘बेमिसाल ऑरा’ से नए सितारों को मात दे पाएंगी या फिर यह कान्स में उनके एक युग का अंत है।