गांजे से भरा ट्रक पलटा, खुला राज, लगभग सवा करोड़ का गांजा पकड़ाया

Follow Us

सूरजपुर। जिले के घाट पेंडारी में सड़क हादसे के बाद गांजा तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। चंदौरा थाना क्षेत्र में पलटे ट्रक से पुलिस ने प्लास्टिक दाने की बोरियों के बीच छिपाकर रखा गया 238 किलो 290 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 1 करोड़ 19 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने ट्रक चालक सुनील कुमार (32), निवासी अलीगढ़, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, 30 सितंबर को अंबिकापुर-बनारस स्टेट हाईवे पर घाट पेंडारी के मुख्य घाट में ट्रक क्रमांक यूपी 13 टी 5497 अनियंत्रित होकर पलट गया था। हादसे के बाद चालक ने क्रेन की मदद से ट्रक उठवाया और मजदूरों से बोरियां वापस वाहन में रखवाने लगा। इसी दौरान कुछ बोरियों को अलग रखकर तिरपाल से ढंक दिया गया, जिससे स्थानीय लोगों को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची चंदौरा पुलिस ने तलाशी के दौरान सड़क किनारे छिपाकर रखी गई नौ बोरियां बरामद कीं। जांच करने पर इनमें गांजा मिला। पुलिस के अनुसार पूछताछ में चालक ने बताया कि गांजा ओडिशा से प्लास्टिक दाने की खेप के साथ लोड किया गया था और इसे उत्तर प्रदेश के लखनऊ ले जाया जा रहा था।

छत्तीसगढ़ के लगभग 10 हजार युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर

पुलिस के मुताबिक, ट्रक पलटने के बाद पकड़े जाने के डर से गांजे की बोरियों को सड़क किनारे गड्ढे में छिपाया गया था। पुलिस अब ट्रक मालिक, गांजा लोड कराने वाले और खेप प्राप्त करने वाले लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।