रणबीर कपूर की ‘रामायण: पार्ट 1’ की रिलीज डेट बदलने की चर्चा, 5 नवंबर को आ सकती है फिल्म

Follow Us

मुंबई। रणबीर कपूर और साई पल्लवी स्टारर ‘रामायण: पार्ट 1’ की रिलीज को लेकर नई जानकारी सामने आई है। फिल्म पहले 6 नवंबर को सिनेमाघरों में आने वाली थी, लेकिन अब इसे एक दिन पहले 5 नवंबर को रिलीज किए जाने की चर्चा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, निर्माताओं ने 5 नवंबर की तारीख पर विचार किया है और दुनियाभर में फिल्म को एक ही दिन रिलीज करने की तैयारी की जा रही है। हालांकि, इस बदलाव पर अभी मेकर्स की ओर से आधिकारिक मुहर नहीं लगी है और अंतिम मंजूरी के बाद ही नई तारीख का ऐलान किया जाएगा।

नितेश तिवारी के निर्देशन और नमित मल्होत्रा के निर्माण में बनी इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल हनुमान की भूमिका में नजर आएंगे। यश रावण, अरुण गोविल दशरथ, रकुलप्रीत सिंह शूर्पणखा और लारा दत्ता कैकेयी का किरदार निभा रही हैं। फिल्म को दो हिस्सों में रिलीज करने की योजना है। इसके पोस्टर, टीजर और ट्रेलर के जरिए कई प्रमुख किरदारों की झलक पहले ही सामने आ चुकी है। अब दर्शकों की नजर आधिकारिक रिलीज डेट पर है। अगर नई तारीख को मंजूरी मिलती है, तो फिल्म 6 नवंबर के बजाय 5 नवंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक दे सकती है।