पेंड्रा-गौरेला-मरवाही। जिले में मंगलवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब कोटमी साप्ताहिक बाजार में एक सर्राफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाश दुकान में लूटपाट की नीयत से घुसे थे और विरोध करने पर व्यापारी को बेहद करीब से गोली मार दी। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। मामला पेंड्रा थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मृतक व्यापारी की पहचान प्रदीप सोनी के रूप में हुई है, जो कोटमी बाजार में सोना-चांदी की दुकान संचालित करते थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मंगलवार रात करीब 7 बजे तीन युवक एक पल्सर बाइक में सवार होकर बाजार पहुंचे। तीनों सीधे प्रदीप सोनी की दुकान में दाखिल हुए और लूटपाट का प्रयास करने लगे। व्यापारी द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने बेहद नजदीक से गोली चला दी। गोली लगते ही प्रदीप सोनी गंभीर रूप से घायल होकर दुकान में गिर पड़े। वारदात के बाद बदमाश दुकान से सोना-चांदी लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद बाजार में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने घायल व्यापारी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही कोटमी चौकी पुलिस और पेंड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू की। घटनास्थल से खून के धब्बे और खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है ताकि तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा सकें। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा स्वयं मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। वहीं बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग भी पेंड्रा के लिए रवाना हो गए। पुलिस अधिकारियों ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और संदिग्ध बाइक सवारों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने जिले की सीमाओं पर नाकाबंदी कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने पहले से रेकी कर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस बाजार क्षेत्र में मौजूद लोगों से भी पूछताछ कर रही है। घटना के बाद मृतक व्यापारी के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। गुस्साए परिजनों ने आरोपियों का सुराग देने वाले को 10 लाख रुपये इनाम देने की घोषणा भी की है। व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
