अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचता दिख रहा है। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक अहम फैसला लेते हुए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में चल रहे नेवी ऑपरेशन ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ को अस्थायी रूप से रोक दिया है। यह ऑपरेशन क्षेत्र में फंसे वाणिज्यिक जहाजों को सुरक्षित रास्ता देने के लिए शुरू किया गया था। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि, ईरान के साथ समझौते को अंतिम रूप देने के लिए बातचीत तेज हो गई है, और इसी के मद्देनज़र इस ऑपरेशन को फिलहाल रोकने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि, यह कदम पाकिस्तान समेत कई देशों के अनुरोध पर उठाया गया है, जो इस समय अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थता कर रहे हैं। हालांकि, अमेरिका ने साफ किया है कि, ईरान के बंदरगाहों पर उसकी नौसैनिक नाकेबंदी अभी भी जारी रहेगी। ट्रंप के मुताबिक, ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान में अमेरिका को बड़ी सफलता मिली है और अब कूटनीतिक समाधान की दिशा में सकारात्मक प्रगति हो रही है। गौरतलब है कि, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज वैश्विक तेल आपूर्ति का एक बेहद महत्वपूर्ण मार्ग है, जहां से दुनिया का लगभग 20% तेल गुजरता है। ऐसे में इस क्षेत्र में शांति स्थापित होना वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए भी बेहद अहम माना जा रहा है।
