जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामला बड़ांजी थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान पलवा नवागांव निवासी करन के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, युवक का शव टांडपाल के जंगल में एक पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला। सुबह जंगल में शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर बड़ांजी थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
