रायपुर। कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर को लेकर भारतीय जनता पार्टी का पोस्टर वार लगातार जारी है। नौवें दिन भाजपा ने नया पोस्टर जारी कर कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव को निशाने पर लिया है। भाजपा द्वारा जारी पोस्टर में व्यंग्यात्मक अंदाज में देवेंद्र यादव को पार्टी पदाधिकारियों को प्रदर्शन के दौरान कपड़े फाड़ने और सरकारी संपत्ति में आग लगाने की कथित “ट्रेनिंग” देते हुए दिखाया गया है।
भाजपा का कहना है कि कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में संगठनात्मक मजबूती के बजाय विरोध-प्रदर्शन की राजनीति सिखाई जा रही है। पोस्टर के माध्यम से पार्टी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए देवेंद्र यादव से जुड़े हालिया घटनाक्रमों का भी उल्लेख किया है। गौरतलब है कि हाल ही में प्रदर्शन के दौरान देवेंद्र यादव का कपड़े फटने से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वहीं, कलेक्टोरेट आगजनी मामले में भी पुलिस ने उन्हें मुख्य आरोपियों में शामिल किया था। भाजपा ने इन्हीं घटनाओं को पोस्टर में दर्शाते हुए कांग्रेस पर राजनीतिक हमला बोला है। भाजपा इससे पहले भी प्रशिक्षण शिविर के पहले दिन से लगातार पोस्टर जारी कर कांग्रेस और उसके नेताओं पर विभिन्न मुद्दों को लेकर निशाना साधती रही है।
