बिलासपुर। शहर में बढ़ते यातायात दबाव और अव्यवस्थित पार्किंग को देखते हुए यातायात पुलिस ने नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस अब चालानी कार्रवाई के साथ-साथ व्हील लॉक और लिफ्टर का उपयोग कर वाहनों को मौके से उठा रही है। यह कदम शहर के प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों में अवैध पार्किंग को रोकने के लिए उठाया गया है। यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर की जा रही है। अभियान के तहत शहर के विभिन्न इलाकों में विशेष रूप से पीक आवर्स के दौरान निगरानी बढ़ाई गई है। यातायात पुलिस की टीम लगातार ऐसे स्थानों पर नजर रख रही है, जहां लोग नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े कर जाम की स्थिति उत्पन्न कर रहे हैं। व्हील लॉक का उपयोग कर वाहन चालान के साथ मौके पर रोके जा रहे हैं, जबकि लिफ्टर से उन वाहनों को हटाया जा रहा है जो यातायात पूरी तरह बाधित कर रहे हैं। शहर में यातायात व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए आईटीएमएस (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मॉनिटरिंग सिस्टम) का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। प्रमुख चौक-चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन कैमरों के जरिए भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निगरानी रखी जा रही है। जैसे ही कोई वाहन नियमों का उल्लंघन करता है, तुरंत टीम को सूचना भेजी जाती है और कार्रवाई की जाती है। यातायात पुलिस ने शहर के सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों जैसे बैंक, मॉल, होटल, पेट्रोल पंप आदि को अपने ग्राहकों के लिए उचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। निर्देशों का पालन नहीं करने पर नगर निगम और यातायात नियमों के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। अधिकारी कहते हैं कि अभियान का उद्देश्य चालान वसूली नहीं बल्कि शहर में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था स्थापित करना है। लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए यह कार्रवाई जारी रहेगी। सख्ती के बाद प्रमुख मार्गों पर यातायात में सुधार दिख रहा है, हालांकि कुछ स्थानों पर लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है।
बिलासपुर में नो-पार्किंग पर प्रशासन का ‘एक्शन मोड’: व्हील लॉक और लिफ्टर से वाहनों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई।
Follow Us
